धाकड़ न्यूज: ‘‘वक्फ संशोधन अधिनियम-2025’’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास के विजन को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा। यह बात हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कही। उन्होंने कहा कि इस कानून का उद्देश्य मुस्लिम गरीब, असहायों, वंचितों को लाभ पहुंचाना है। इससे वक्फ संपत्तियों में पारदर्शिता बढ़ेगी। मुख्यमंत्री पंचकूला स्थित भाजपा कार्यालय पंचकमल में ‘‘वक्फ सुधार जनजागरण अभियान सम्मेलन में संबोधन दे रहे थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने मोदी सरकार के जातिगत जनगणना के फैसले को ऐतिहासिक बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि वक्फ संशोधित कानून आने से कांग्रेस को पीड़ा हो रही है। सम्मेलन में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, जान मोहम्मद, आजाद मोहम्मद, घनश्याल गोयल, अजय मित्तल, विधायक शक्ति रानी शर्मा, एजाज खान के अलावा मुस्लिम समुदाय के लोग भी मौजूद रहे।
अब वक्फ कानून का फायदा मुस्लिम गरीब, वंचित वर्ग और महिलाओं को : सीएम
सीएम ने कहा कि पहले वक्फ कानून का इस्तेमाल प्रभावशाली लोग करते थे, लेकिन अब इसका फायदा मुस्लिम समाज के गरीब, वंचित वर्ग और महिलाओं को मिलने वाला है। बोहरा, अहमदिया और अन्य समुदाय के लोगों के अधिकारों की सुरक्षा करेगा। उन्होंने कहा कि नए कानून में पुरातत्व विभाग द्वारा सुरक्षित स्मारकों को वक्फ के दायरे से बाहर किया जाएगा। इसमे पुरुषों और महिलाओं को समान अधिकार दिए गए हैं।
लैंगिक समानता बढ़ेगी
सैनी ने कहा कि यह कानून आने से तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले लोग भड़के हुए हैं। कांग्रेस के समय में वक्फ लाभ भ्रष्टाचारियों के बीच बंट जाता था, लेकिन अब इसका लाभ विधवा, तलाकशुदा महिलाओं और अनाथों को भी मिलेगा। कांग्रेस के समय दिल्ली के अंदर लूटियन जोन को वक्फ संपत्ति घोषित कर दिया गया। कर्नाटक, तमिलनाडु, हरियाणा के अलावा कई राज्यों के ऐसे ढेरों उदाहरण है कि कैसे वक्फ बोर्ड ने मनमाने तरीके से जमीनों का अतिक्रमण किया। वक्फ संशोधित से लैंगिक समानता बढ़ेगी और सभी समुदायों की भागीदारी समाज मे सुनिश्चित होगी। सैनी ने कहा कि कांग्रेस वोट बैंक को सुरक्षित करना चाहती है, इसलिए भ्रम फैला रही है। कांग्रेस सदा ही झूठ का सहारा लेती रही है।
मोदी सरकार का जातिगत जनगणना का फैसला ऐतिहासिक
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के बाद पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि मोदी सरकार की कैबिनेट का जातिगत जनगणना का फैसले ऐतिहासिक है। अधिकांश राजनीतिक दलों ने इस फैसले का समर्थन किया है। सीएम ने कहा कि पीएम कांग्रेस की गलतियों में सुधार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने 2011 की जनगणना में जाति को शामिल करने का विरोध किया था और उस समय के केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने कहा था कि जातियों की गिनती जनगणना में नहीं, बल्कि अलग से कराई जाएगी। नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने समस्याओं का समाधान नहीं किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस 2013 में हड़बड़ाहट में वक्फ कानून को लोकसभा में लेकर आई और इसका नुकसान देश व मुस्लिम समाज को उठाना पड़ा। 2013 के वक्फ कानून की कमियों को मोदी सरकार ने दूर किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस कोई भी काम वोट के लिए करती है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी देश को केंद्र में रखकर काम करते हैं।
वक्फ संशोधित कानून से सबसे ज्यादा फायदा गरीबों को : बड़ौली
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली कहा कि वक्फ संशोधित कानून से सबसे ज्यादा फायदा गरीब मुस्लिम भाई-बहनों को ही होगा। उन्होंने कहा कि वक्फ के नए संशोधित कानून से वक्फ संपत्तियों के सुव्यवस्थित उपयोग एवं पारदर्शिता के लिए भाजपा का यह ठोस कदम साबित होगा। बड़ौली ने कहा कि वक्फ संशोधन विधेयक-2025 के माध्यम से वक्फ की जमीनों के बेहतर प्रबंधन, पारदर्शिता व सदुपयोग सुनिश्चित हो सकेगा। उन्होंने कहा कि यह कानून वक्फ की संपत्ति का उपयोग गरीब मुसलमानों और उनके बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधा को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
For More Latest News: https://haryanadhakadnews.com
व्हाटसअप चैनल से जुड़ने के लिए निचे दिए गए लिंक पर क्लिंक करें: https://whatsapp.com/channel/0029Vb5yUhVJUM2bfKGvpB12
Permalink: https://haryanadhakadnews.com/national/8191/

Author: haryanadhakadnews
MY LOGIN