हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र 27 अगस्त तक चलेगा। यह निर्णय शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण की अध्यक्षता में आयोजित कार्य सलाहकार समिति (बीएसी) की बैठक में लिया गया। इससे पहले सरकार ने विधानसभा सचिवालय को तीन दिन सत्र चलाने का प्रस्ताव भेजा था, लेकिन शुक्रवार को बीएसी की बैठक में सत्र की कार्यवाही का विस्तार से अध्ययन किया गया और इसे एक दिन बढ़ाने पर सहमति बनी।
बीएसी की बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, ऊर्जा मंत्री अनिल विज, संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा, सामाजिक कल्याण एवं अंत्योदय मंत्री कृष्ण कुमार, विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, विधायक गीता भुक्कल, विधायक सावित्री जिंदल और विधायक अर्जुन चौटाला शामिल थे। बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, 25 अगस्त को 2 बजे से 6 बजे तक और 26 अगस्त को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यवाही होगी। 27 अगस्त को सत्र सुबह 11 बजे प्रारंभ होगा। वहीं, 23 और 24 अगस्त को राज्य में राजकीय अवकाश रहेगा।
बीएसी की बैठक के बाद दोपहर 2 बजे सदन की कार्यवाही शुरू हुई। विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई। बैठक में सदन की कार्यवाही में आई बाधाओं को दूर करने और भविष्य में इसे बेहतर तरीके से संचालित करने पर चर्चा हुई। सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, संसदीय कार्य मंत्री महिपाल सिंह ढांडा, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल, इनेलो विधायक अर्जुन सिंह चौटाला और निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल उपस्थित थे।
विधायकों को साइकिल या ई-रिक्शा से आने का आह्वान
विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए 26 अगस्त को सभी विधायकों से साइकिल या ई-रिक्शा से विधानसभा आने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण के लिए समाज और सरकार को मिलकर प्रयास करने होंगे। इस अवसर पर सदन के सभी सदस्य अपने आवास या एमएलए हॉस्टल से विधान सभा भवन तक साइकिल या ई-रिक्शा के माध्यम से पहुंचेंगे, जिसका प्रबंध विधानसभा सचिवालय द्वारा किया जाएगा।
व्हाट्सएप चैनल से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें :
https://whatsapp.com/channel/0029Vb5yUhVJUM2bfKGvpB12

Author: haryanadhakadnews
MY LOGIN