धाकड़ न्यूज, करनाल : Natural farming, प्रदेश के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्राकृतिक खेती करना आज के समय की जरूरत है। इससे जमीन भी उपजाऊ रहेगी और लोगों का स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा। जहरीला अनाज खाने से लोगों को गंभीर बीमारियां हो रही हैं। करनाल में जीटी रोड पर लवली नर्सरी के एपल गार्डन का दौरा करने के बाद कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने यह बात पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही थी।
लवली नर्सरी में तैयार पौध देश के अन्य भागों में भेजी जाती
उन्होंने कहा कि लवली नर्सरी में बागवानी करने के लिए पौधों की पौध तैयार की जाती है। उसके बाद इस पौध को देश के विभिन्न क्षेत्रों में भेज दिया जाता है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों परंपरागत खेती में बदलाव देखने को मिला है। अब बागवानी के साथ- साथ मछली पालन और डेयरी के क्षेत्र में भी किसानों का रूचि बढ़ रही है। मंत्री राणा ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में कृषि का सबसे अधिक योगदान है।
सरकार का प्रयास है कि खेती का ज्यादा विकास हो
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने उत्तम खेती, अधम चाकरी, मध्यम व्यापार और भीख निदान कहावत का उदाहरण देते हुए कहा कि खेती को सबसे अच्छा काम बताया गया है। प्रदेश और केंद्र सरकार प्रयास कर रही है कि खेती का और ज्यादा विकास हो। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी का फोकस भी प्राकृतिक खेती की ओर है। डीएपी और कीटनाशकों को अधिक इस्तेमाल करने से जमीन की उपजाऊ नहीं रहती और पैदावार पर भी इसका प्रभाव पड़ता है।
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के प्रति सीएम गंभीर:कृषि मंत्री
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने कहा कि सीएम नायब सिंह सैनी ने भी प्राकृतिक खेती को अधिक बढ़ावा देने के प्रति गंभीर हैं। प्राकृतिक खेती में खाद के रूप में देशी गाय के गोबर का उपयोग किया जाता है। उन्होंने कहा कि छोटे किसानों को भी देसी गाय खरीदने पर सब्सिडी दी जा रही है। गाय के गोबर व मूत्र से बनने वाली खाद को प्राकृतिक खेती के लिए सर्वोत्तम माना जाता है। सरकार ने अब खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में भी वृद्धि कर दी है। इससे किसानों को अधिक फायदा होगा।

कृषि मंत्री को हल भेंट किया गया
इससे पहले उन्होंने सेब की किस्मों के बारे में जाना और सेब का स्वाद चखा। इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने पौधारोपण भी किया। कृषि मंत्री को स्मृति चिह्न के तौर पर हल भेंट किया गया। नर्सरी संचालक नरेंद्र ने सेब की किस्मों के बारे में बताया। इसके बाद कृषि मंत्री ने सब्जी मंडी करनाल का दौरा किया और सफाई, पेयजल, केंटीन, शौचालय इत्यादि की व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
यह भी पढ़ें :-
For More Latest News:https://haryanadhakadnews.com
Whatsapp Chanel Join Link:https://whatsapp.com/channel/0029Vb5yUhVJUM2bfKGvpB12

Author: haryanadhakadnews
MY LOGIN