धाकड़ न्यूज: राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर हरियाणा के पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने प्रदेश के पंचायती राज संस्थानों के चुने हुए जनप्रतिनिधियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में विकास कार्यों के लिए पैसों की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। आज मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायतों को कुल 368 करोड़ रुपये की राशि जारी की है।
ग्राम पंचायत के विकास के लिए निरंतर सुधार कर रहे

मंत्री कृष्ण लाल पंवार आज पंचकूला के ताऊ देवी लाल खेल स्टेडियम में आयोजित राज्यस्तरीय ग्राम उत्थान समारोह में उपस्थ्ति जनप्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आज के दिन विशेष राशि जारी करने के लिए आभार व्यक्त किया है। उन्होंने पंचायतों को अपने स्तर पर 21 लाख रुपए की राशि भी फ्री हैंड देने के लिए मुख्यमंत्री का जनप्रतिनिधियों की ओर से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि पंचायती राज व्यवस्था का इतिहास गौरवशाली रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश की ग्राम पंचायत के विकास के लिए निरंतर सुधार कर रहे हैं और इस व्यवस्था को और भी ज्यादा सक्षम, पारदर्शी और जन-उत्तरदायी बना रहे हैं।
ई—लाइब्रेरी खोलने के लिए 1000 गांव का चयन
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की हजारों महिलाएं सरपंच, पंच और ब्लॉक समिति सदस्य के रूप में अपने गांवों की दिशा तय कर रही हैं। यह बदलाव सिर्फ संख्या का नहीं, सोच का भी है। उन्होंने कहा कि हम समय-समय पर पंच और सरपंचों को प्रशिक्षण भी दे रहे हैं। मंत्री ने कहा कि हर ग्राम पंचायत के अंदर ई—लाइब्रेरी खोली जा रही हैं जिसमें पूरे प्रदेश की बेटियां और बच्चे गांव के अंदर ई—लाइब्रेरी में बैठकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। प्रदेश में 6225 पंचायतें हैं। प्रथम चरण में 1000 गांव का चयन किया है जिसमें हम ई—लाइब्रेरी खोलेंगे।
1000 गांव में फिरनियों को पक्का करेंगे
उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में बिना खर्ची और पर्ची के प्रदेश में 175000 नौकरियां लगी। इसी प्रकार 1000 गांव में महिला संस्कृति केंद्र खोलने का व महिला चौपाल बनाने का भी निर्णय लिया है। इसी प्रकार 1000 गांव में फिरनियों को पक्का करेंगे और उन पर स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर गांव में जिम भी खोलेंगे। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में लगभग 19000 तालाब है, जिसमें 6000 तालाबों का विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा जीर्णोद्धार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले चरण में 2200 तालाब में रिटेनिंग वॉल, स्ट्रीट लाइट, बेंच इत्यादि की व्यवस्था करके उसको पार्क का रूप दिया जाएगा। पंचायती राज संस्थानों में युवा जन प्रतिनिधि चुनकर आगे आ रहे है जो लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत है।

Author: haryanadhakadnews
MY LOGIN