नायब सरकार का फैसला शहीद जवानों को नमन: हरियाणा के 75 सरकारी स्कूलों का होगा नामकरण
देश की रक्षा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों के सम्मान में हरियाणा की नायब सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश के शिक्षा विभाग द्वारा 75 नए सरकारी स्कूलों का नामकरण जांबाज बलिदानियों के नाम पर किया जाएगा। फिलहाल ये स्कूल केवल गांवों के नाम से चल रहे हैं। पहले से जिन स्कूलों का नाम शहीदों के नाम पर है, उन्हें इसमें शामिल नहीं किया जाएगा।
नामकरण प्रक्रिया के लिए शिक्षा विभाग और जिला सैनिक कल्याण बोर्ड मिलकर सूची तैयार करेंगे और इसे शासन को भेजेंगे। यह कार्य 10 दिन के भीतर पूरा करना होगा ताकि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़े से पहले स्कूलों को शहीदों के नाम समर्पित किया जा सके।
सेवा पखवाड़ा अभियान
-
17 सितंबर (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस) से 2 अक्टूबर (महात्मा गांधी जयंती) तक सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा।
-
इस दौरान समाज में सेवा की भावना और विकासात्मक पहलों को जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का लक्ष्य है।
-
प्रदेशभर में प्रतिदिन विशेष कार्यक्रम होंगे।
-
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रतिदिन मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे, जबकि जिलों में मंत्री नेतृत्व करेंगे।
प्रमुख गतिविधियां
-
पूर्व सैनिकों की सक्रिय भागीदारी के साथ प्लास्टिक मुक्त अभियान और व्यापक स्वच्छता अभियान।
-
स्कूलों और कॉलेजों में निबंध लेखन, वाद-विवाद, चित्रकला, रंगोली और नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
यह पहल न केवल शहीद जवानों को श्रद्धांजलि होगी, बल्कि युवाओं में देशभक्ति और सेवा की भावना भी मजबूत करेगी।
व्हाट्सएप चैनल से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें :
https://whatsapp.com/channel/0029Vb5yUhVJUM2bfKGvpB12

Author: haryanadhakadnews
MY LOGIN