सीएम नायब ने कुरुक्षेत्र में साइक्लोथॉन को दी हरी झंडी हरियाणा के सीएम नायब सैनी का कुरुक्षेत्र दौरा: श्रमदान, पौधरोपण और साइक्लोथॉन यात्रा को दी हरी झंडी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी आज कुरुक्षेत्र पहुंचे। अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने ब्रह्मसरोवर से की, जहां “स्वच्छ कुरुक्षेत्र, मेरा कुरुक्षेत्र, मेरा अभिमान” अभियान के तहत सड़क पर झाड़ू लगाकर श्रमदान किया। इस मौके पर उनके साथ पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, नगर परिषद चेयरपर्सन और भाजपा जिलाध्यक्ष तेजिंद्र सिंह गोल्डी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने ब्रह्मसरोवर पर पौधरोपण कर हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उनके दौरे को लेकर प्रशासन पहले से अलर्ट था और तैयारियां लगातार चल रही थीं।
अभियान की शुरुआत करते हुए सीएम ने कहा कि गीता की पवित्र धरती से भगवान श्रीकृष्ण ने हजारों साल पहले संपूर्ण मानवता को अमर संदेश दिया था। दुनिया भर से यहां श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं, इसलिए यह हमारी जिम्मेदारी है कि इस धार्मिक नगरी को हमेशा स्वच्छ और सुंदर बनाए रखें। ताकि यहां आने वाला हर व्यक्ति गीता के साथ-साथ स्वच्छता का संदेश भी अपने साथ ले जाए।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य साइक्लोथॉन यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही उन्होंने स्वच्छ कुरुक्षेत्र की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया और नागरिकों से अपील की कि वे इस पोर्टल पर स्वच्छता से जुड़ी तस्वीरें अपलोड कर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
सीएम नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जो पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सबसे ज्यादा पुरस्कार देता है। अब तक खिलाड़ियों को 593 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जा चुकी है। इसके अलावा, 2014 से अब तक 29 हजार से अधिक छात्रों को करीब 53 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।
सीएम ने बताया कि सरकार ने खेल उपकरण प्रावधान योजना शुरू की है, जिसके तहत अब तक 15,634 खिलाड़ियों को खेल उपकरण उपलब्ध कराए जा चुके हैं।
व्हाट्सएप चैनल से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें :
https://whatsapp.com/channel/0029Vb5yUhVJUM2bfKGvpB12

Author: haryanadhakadnews
MY LOGIN