शहर में क्रिसमस का पर्व मनाए जाने के दौरान रविवार को दो अलग-अलग स्थानों पर उस समय तनावपूर्ण हालात बन गए, जब स्थानीय लोगों ने धर्म परिवर्तन के आरोप लगाते हुए कार्यक्रमों का विरोध शुरू कर दिया। दोनों ही स्थानों पर सैकड़ों लोगों की मौजूदगी के कारण स्थिति संवेदनशील हो गई। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एक स्थान पर कार्यक्रम को रोकना पड़ा, जबकि दूसरे स्थान पर पुलिस की निगरानी में आयोजन शांतिपूर्वक संपन्न कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूना के वार्ड नंबर 5 में चिमनलाल के घर पर क्रिसमस का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। घर को लाइटों से सजाया गया था और अंदर बड़ी संख्या में महिलाएं व पुरुष यीशु मसीह के भजनों पर नृत्य कर रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि इस घर में लंबे समय से धर्म परिवर्तन से जुड़ी गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जिसको लेकर पहले भी आपत्ति जताई जा चुकी है।
हंगामे की सूचना मिलते ही भूना थाना प्रभारी ओमप्रकाश बिश्नोई भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोग धीरे-धीरे वहां से निकलने लगे और कुछ ही देर में स्थान खाली हो गया। एक समय पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी, लेकिन पुलिस की तत्परता से मामला नियंत्रित कर लिया गया।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वार्ड नंबर 3 में भी इसी प्रकार का एक अन्य कार्यक्रम चल रहा है। जब पुलिस दल वहां पहुंचा तो पाया कि गांव टिब्बी निवासी धर्मपाल, जो वर्तमान में वार्ड नंबर 3 में रह रहा है, के यहां भी क्रिसमस का आयोजन किया जा रहा था, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल थे। यहां भी दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चलने जैसी स्थिति बन गई।
पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए हालात पर काबू पाया, जिसके बाद विरोध कर रहे युवक मौके से चले गए। पुलिस की मौजूदगी में कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया। घटना के बाद शहर में रोष का माहौल देखा गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दोनों स्थानों पर धर्म परिवर्तन से जुड़ी गतिविधियां चल रही हैं और यदि प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की तो भविष्य में हालात और बिगड़ सकते हैं।
#Fatehabad #Christmas #ReligiousConversion #LawAndOrder #PoliceAction #HaryanaNews #LocalNews
Author: haryanadhakadnews
MY LOGIN




Users Today : 19
Users Yesterday : 21
Users Last 7 days : 138